भोपाल: दिनाँक 01 जून 2026 – वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक महापर्व सिंहस्थ 2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।

इसी क्रम में विशेष प्रशिक्षण का शुभारंभ आज दिनांक 01 जून 2026 को सामुदायिक भवन पुलिस लाइन में रिटायर्ड आईजी श्री मनोज शर्मा एवं एडिशनल कमिश्नर श्रीमती मोनिका शुक्ला द्वारा द्वीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया गया।

प्रशिक्षण के अवसर पर एडिशनल कमिश्नर श्रीमती मोनिका शुक्ला ने बताया कि प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत जिले के शत-प्रतिशत पात्र पुलिस बल को चरणबद्ध रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण हेतु विस्तृत प्रशिक्षण कैलेंडर, पाठ्यक्रम एवं दिशा-निर्देश तैयार किए गए हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य प्रशिक्षक (रिटायर्ड आईजी) श्री मनोज शर्मा ने कहा कि सिंहस्थ- 2028 विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं पर्यटक शामिल होंगे। ऐसे विशाल आयोजन में पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, जनसहायता, आपदा प्रबंधन एवं विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रशिक्षण का गंभीरता से लाभ लेकर उसे मैदानी कार्य में प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, शाही स्नान एवं अखाड़ा व्यवस्था, वीआईपी ड्यूटी, सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर अपराध, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, होल्डिंग एरिया प्रबंधन, सैटेलाइट टाउन व्यवस्था, आसूचना संकलन, चिकित्सा सहायता, क्विक रिस्पांस सिस्टम, मानव व्यवहार, प्रवेश एवं निकास मार्ग प्रबंधन, बैरिकेडिंग, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था तथा समन्वित पुलिस प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को ऐसी दक्षता एवं व्यवहारिक क्षमता प्रदान करना है, जिससे सिंहरथ-2028 के दौरान जिले से होकर गुजरने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं यात्री को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा पुलिस की जनसेवामुखी छवि और अधिक सुदृढ़ हो।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्रीमती मंजूलता खत्री, सहायक पुलिस आयुक्त श्री विजय दुबे, सहायक पुलिस आयुक्त श्रीमती नीता चौबे, रक्षित निरीक्षक श्री जयसिंह तोमर एवं लगभग 150 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

keyboard_arrow_up
Skip to content