अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम विरोध दिवस के अवसर पर बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के ज्ञान-विज्ञान सभागार में पुलिस मुख्यालय की सामुदायिक पुलिसिंग शाखा एवं भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त तत्वावधान में ‘सृजन जनसंवाद महासम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त भोपाल श्री संजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक श्री विनीत कपूर श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य बाल श्रम उन्मूलन, बालिका सुरक्षा, शिक्षा के प्रति जागरूकता तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करना था। इस आयोजन में आरंभ, उदय, मुस्कान, मीत एवं बचपन सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्कृष्ट समन्वय के साथ व्यवस्थाओं का संचालन किया। भोपाल पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत मनमोहक एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।

 

स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से डॉ. शालिनी कपूर के मार्गदर्शन में आरकेडीएफ कॉलेज के लगभग 30 अनुभवी चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की टीम द्वारा उपस्थित बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार ने छात्राओं के साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। छात्राओं ने अपने क्षेत्रों, बस्तियों एवं मोहल्लों में पेयजल एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पुलिस आयुक्त ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान हेतु निर्देश प्रदान किए।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों ने बाल श्रम उन्मूलन, बाल अधिकारों की रक्षा तथा सुरक्षित एवं संवेदनशील समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content