आगामी त्यौहारों एवं कानून-व्यवस्था के मद्देनजर नगर रक्षा समिति के संयोजकों एवं सदस्यों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

भोपाल। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भोपाल नगरीय क्षेत्र के समस्त थानों में गठित नगर रक्षा समिति के संयोजकों एवं सदस्यों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आज दोपहर पुलिस कमिश्नर कार्यालय प्रांगण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभी थानों से लगभग 400 महिला एवं पुरुष सदस्यों ने सहभागिता की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नगर रक्षा समिति के सदस्यों को राज्य सरकार द्वारा समिति के गठन, सदस्यों के कार्य, नियमों एवं दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आगामी त्यौहारों, कानून-व्यवस्था ड्यूटी तथा विभिन्न परिस्थितियों में पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के संबंध में प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण उपरांत पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार द्वारा नगर रक्षा समिति के सदस्यों को टी-शर्ट एवं कैप वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार ने नगर रक्षा समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर रक्षा समिति की सक्रिय भागीदारी से हमारा समाज अधिक सुरक्षित होता है। समिति के सदस्यों की विभिन्न त्यौहारों, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में भी समिति के सदस्य पुलिस के सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण योगदान देते हैंl उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश एवं देश में वर्षभर विभिन्न त्यौहार आयोजित होते हैं। इन त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने में नगर रक्षा समिति के सदस्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही समिति के सदस्य समय-समय पर यातायात व्यवस्था में सहयोग करने के साथ-साथ चुनाव एवं अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर भी पुलिस के सहयोगी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहे हैं।

पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार ने कहा कि हम जिस मोहल्ले एवं कॉलोनी में रहते हैं, वहां की गतिविधियों एवं परिस्थितियों की हमें बेहतर जानकारी होती है। क्षेत्र के स्थायी निवासी होने के कारण यदि हम सक्रिय, जागरूक एवं सतर्क रहें तो अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम में पुलिस को प्रभावी सहयोग दिया जा सकता है।समाज और देश की सुरक्षा तभी मजबूत होगी, जब प्रत्येक नागरिक जागरूक एवं जिम्मेदार होकर अपनी भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों द्वारा नगर रक्षा समिति के सदस्यों से आगामी त्यौहारों के दौरान पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की गई। उपरांत सभी सदस्यों एवं पुलिस कर्मियों द्वारा प्रांगण में भोजन ग्रहण किया गयाl

 

keyboard_arrow_up
Skip to content