मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी “SAFE CLICK 2.0” अभियान के अंतर्गत भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं बैंकिंग संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत आज दिनांक 25 जून 2026 को थाना हनुमानगंज के माइक्रो बीट अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा खालसा हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 120 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही थाना हनुमानगंज पुलिस द्वारा रेड रोज स्कूल, सिंधी कॉलोनी में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार द्वारा संचालित NCCRP पोर्टल तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की उपयोगिता के संबंध में विस्तार से बताया गया एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने हेतु आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया।

इसी कड़ी में थाना शाहजहांनाबाद पुलिस द्वारा सुल्तानिया एसबीआई बैंक में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बैंक के प्रशिक्षु अधिकारियों (Trainees) को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में माइक्रो बीट अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ साइबर टीम के सदस्यों ने भी सहभागिता की।

इसी क्रम में थाना चुनाभट्टी क्षेत्र के शासकीय नवीन उत्तर माध्यमिक विद्यालय में एसीपी श्री आलोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में चुनाभट्टी पुलिस द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थितजनों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही सभी को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, संदिग्ध साइबर गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा साइबर हेल्पलाइन *1930* का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा संबंधी शपथ भी दिलाई गई।

भोपाल पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल *राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930* अथवा *[www.cybercrime.gov.in](http://www.cybercrime.gov.in)* पर शिकायत दर्ज कराएं तथा जागरूक रहकर स्वयं एवं अपने परिवार को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखें।

keyboard_arrow_up
Skip to content