डीजे पर केवल 4 स्पीकर (साउंड बॉक्स) लगाने हेतु बनी सहमति
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे की भावना के साथ मनाए जाने के उद्देश्य से एडिशनल पुलिस कमिश्नर श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान द्वारा आज दोपहर कमिश्रर कार्यालय सभागार में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमे डीजे संचालक, डीजे यूनियन एवं हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष श्री चंद्र शेखर तिवारी उपस्थित रहे।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। डीजे संचालकों को निर्देशित किया कि डीजे का उपयोग निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर ही किया जाए तथा शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी सभी गाइडलाइन और नियमों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता के प्रतीक हैं। सभी समुदायों के लोग आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे की भावना के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे कानून-व्यवस्था अथवा सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।ध्वनि प्रदूषण संबंधी निर्धारित मानकों का पालन करें, प्रतिबंधित समय में डीजे का संचालन न करें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।
बैठक में सभी संचालकों एवं हिन्दू उत्सव समिति द्वारा चर्चा उपरांत डीजे पर 4 स्पीकर लगाने हेतु आपसी सहमति बनाई गई तथा निर्धारित मापदंडों में डीजे का संचालन करने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने हेतु आश्वासन दिया गया l
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने सभी डीजे संचालकों से अपील की कि वे पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करते हुए जिम्मेदारीपूर्वक डीजे का संचालन करें और आगामी सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा डीजे संचालकों की विभिन्न शंकाओं एवं समस्याओं का समाधान भी किया गया तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई।





