फरार अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए निशातपुरा पुलिस द्वारा एक बार फिर लगभग 40 पुलिस जवानों के फोर्स के साथ ईरानी डेरा अमन कॉलोनी में दविश दी गई, जिससे डेरे में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस आयुक्त भोपाल श्री संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर ईरानी डेरा अमन कॉलोनी में विशेष सर्चिंग एवं रेड कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त जोन-04 श्री आदर्श कांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री मलकीत सिंह के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त श्री अक्षय चौधरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी निशातपुरा निरीक्षक मनोज पटवा, चौकी सब्जी मंडी प्रभारी निरीक्षक अनिल यादव एवं अन्य पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा दिनांक 10 जून 2026 की शाम, ईरानी डेरा अमन कॉलोनी में दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान जिला पन्ना के एक प्रकरण में संदेही रिजवान हुसैन तथा थाना निशातपुरा का निगरानी बदमाश सालिग उर्फ रेहान ईरानी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी सालिग उर्फ रेहान ईरानी के विरुद्ध लूट, जालसाजी, मारपीट, चोरी, हत्या का प्रयास के 24 मामले भोपाल और विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। जिस पर थाना रानीपुर जिला बैतूल के प्रकरण में ₹10,000, कोतवाली रायसेन के प्रकरण में 5000 तथा थाना पिपलानी भोपाल के प्रकरण में ₹2,000 का इनाम घोषित था। अन्य जिलों से भी जानकारी ली जा रही है। आरोपी के विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था। गिरफ्तार आरोपी रिजवान हुसैन के विरुद्ध
चोरी, लूट, जालसाजी, मारपीट सहित 15 विभिन्न गंभीर अपराध मध्य प्रदेश एवं अन्य राज्यों में पूर्व से पंजीबद्ध हैं।
दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य अपराधों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
थाना निशातपुरा पुलिस द्वारा ईरानी अपराधियों के विरुद्ध लगातार की जा रही प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप शहर में मोबाइल झपटमारी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में कमी आई है। अपराधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1- रिजवान पिता आशिक अली, उम्र 40 वर्ष, निवासी अमन कॉलोनी, ईरानी डेरा, भोपाल।
2- सालिग उर्फ रेहान ईरानी पिता शौकत ईरानी, उम्र 32 वर्ष, निवासी अमन कॉलोनी, ईरानी डेरा, भोपाल।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निशातपुरा निरीक्षक मनोज पटवा, चौकी सब्जी मंडी प्रभारी निरीक्षक अनिल यादव एवं थाना निशातपुरा, थाना छोला मंदिर, थाना गांधीनगर तथा रक्षित केंद्र से प्राप्त पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही। :::




